
नई दिल्ली। रणजीत नगर में सोमवार रात को ठीक से साइकिल चलाने की नसीहत देने पर दो नाबालिगों ने नौंवी कक्षा के एक छात्र की पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार, रणजीत नगर निवासी हिमांशु (15) सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा का छात्र है। सोमवार रात को जब वह ट्यूशन से पैदल घर आ रहा था तो सामने से आ रही साइकिल उससे टकरा गई। उस पर दो नाबालिग सवार थे। हिमांशु ने उन्हें ठीक से साइकिल चलाने के लिए कहा। इस पर नाबालिगों ने हिमांशु की पिटाई कर दी। इस बीच एक घूंसा सीने में लगने की वजह से वह अचेत होकर गिर गया। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने हिमांशु को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया है। रणजीत नगर की झुग्गियों में रहने वाला एक आरोपी नौंवी कक्षा में पढ़ता है। जबकि दूसरे ने पढ़ाई छोड़ दी है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
