ट्रेजरी की कार्यप्रणाली कटघरे में

सोलन। जिला सोलन पेंशनर एसोसिएशन की मासिक बैठक में ट्रेजरी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आरोप लगाए कि ट्रेजरी बिल पास करने में दोहरे मापदंड अपना रहा है। कुछ बिलों के भुगतान को तुरंत हरी झंडी दे दी जा रही है और कुछ को बेवजह अटकाया जा रहा है। लिहाजा भुगतान में देरी होने से पेंशनरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयदेव की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में लंबित मेडिकल बिलों को तुरंत बहाल करने की मांग उठाई। सोलन जिला में कुल 5000 से अधिक पेंशनर हैं जिनके ट्रेजरी के माध्यम से ही बिल पास होते हैं। पेंशनरों ने लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए उचित राशि का प्रावधान करने का भी सरकार से आग्रह किया। इस मौके पर मुख्य पैटर्न केएल पराशर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगन नाथ निराला, प्रो. ओएन डुल्लू, ई. जीसी गुप्ता, कानूनी सलाहकार डा. एलपी गुप्ता, उपाध्यक्ष जेसी बंसल, महासचिव सुरेंद्र सिंह ठाकुर, सह सचिव मोहन कौंडल, कार्यालय सचिव शारदा ठाकुर, खेम सिंह ठाकुर, श्याम लाल ठाकुर, वित्त सचिव एसआर गुप्ता, पीआरओ केएन ओझा, सचिव आरके पठानिया और ऑडिटर डा. आरपी सोबती भी मौजूद रहे।

नए सदस्यों का स्वागत
बैठक के दौरान पेंशनर एसोसिएशन ने नए सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में पेंशनर एसोसिएशन के पूर्व प्रधान स्वर्गीय दुर्गा भारद्वाज एवं स्वर्गीय डीएस ठाकुर के निधन पर गहरा शोक जताया है।

झूठा है आरोप : कोषाधिकारी
जिला कोषागार विभाग के कार्यकारी कोषाधिकारी ज्ञान चंद चौधरी ने कहा कि पेंशनरों का आरोप झूठा है। एरियर बिल पेंशनरों से संबंधित नहीं थे। मामलों को छानबीन के लिए शिमला भेजा गया।

Related posts