बच्ची अगवा करने के प्रयास से दहशत

धर्मपुर (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल की चौरी पंचायत के खरौट गांव में बच्ची को अगवा करने की कोशिश के बाद मां पर जानलेवा हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इस घटना से महिलाएं और स्कूली बच्चे अकेले घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं।
सरकाघाट उपमंडल में प्रवासी मजदूर बिना पंजीकरण कारोबार के नाम पर गांव-गांव घूम रहे हैं। साथ ही वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। गत सोमवार को बिहार के रहने वाले दो प्रवासी मजदूरों ने दिनदिहाड़े घर के अंदर सो रही सात माह की बच्ची को अगवा करने का दुस्साहस किया। अगर बच्ची की मां मोनिका हिम्मत नहीं दिखाती तो आरोपी बच्ची को अगवा करने में कामयाब रहते। बच्ची को अगवा करने के दूसरे दिन ही मोनिका पर घर में जानलेवा हमले से हर कोई सहमा हुआ है।
पैहड पंचायत की प्रधान इंद्रा देवी, धर्मपुर पंचायत के प्रधान बिहारी लाल, बनाल पंचायत प्रधान के पूर्ण चंद, भरौरी पंचायत के प्रधान दीपक शर्मा, समौड़ पंचायत के पूर्व प्रधान प्रताप सकलानी, तनेहड़ पंचायत प्रधान दुनी चंद, लौंगणी पंचायत प्रधान देशराज पालशरा ने कहा कि पुलिस ऐसे लोगों की पहचान करे जो बिना पंजीकरण से रह रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई करे। लोग दिन-प्रतिदिन बढ़ रही ऐसी घटनाओं से दहशत में हैं।

अज्ञात व्यक्ति की तुरंत दें सूचना : एसडीएम
एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर का कहना है कि गांव में अगर कोई भी अनजान व्यक्ति दिखाए देता है तो इस बारे में प्रशासन और पुलिस को सूचित करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रवासी मजदूरों को काम पर रखने से पहले उनका पंजीकरण जरूर करवाएं।

Related posts