
धर्मशाला। श्रम एवं रोजगार विभाग की ओर से 14 सितंबर को धर्मशाला में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बद्दी की नामी कंपनी जमा दो पास युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया करवाएगी। धर्मशाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय में 14 सितंबर को सुबह दस बजे से साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार मैसर्ज डॉ. रेड्डीस लेबोरेटरीज बद्दी जिला सोलन ने टीम सदस्यों के 50 पद भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू निश्चित किए हैं। इसमें 50 फीसदी अंकों के साथ साइंस विषय में जमा दो की पढ़ाई पूरी करने वाले युवाओं को मौका प्रदान किया जाएगा। प्रार्थी की आयु 18 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी 5800 रुपये प्रति माह वेतन देगी। जबकि समय के साथ-साथ इसमें बढ़ोतरी भी की जाती रहेगी। इसके अलावा काम के आधार पर प्रमोशन भी दी जाएगी। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी जेएस पटियाल ने बताया कि कंपनी बारवीं पास पचास युवाओं का चयन करेगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र उम्मीदवार निश्चित तिथि व समय पर धर्मशाला पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र उम्मीदवारों को अलग से विभाग द्वारा सूचित नहीं किया जाएगा।
