
धर्मशाला। जिला मुख्यालय के त्रियुंड के साथ लगते इंद्रहार में लापता हुए फ्रांसीसी युवकों के बारे में किसी भी तरह पुख्ता जानकारी देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम लापता युवकाें के परिजन देंगे। इंद्रहार जोत में 20 अगस्त को लापता हुए युवकों के बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है।
मंगलवार को एक खोजी दस्ता सुबह पांच बजे इंद्रहार के लिए रवाना हुआ है। लेकिन युवकों का मंगलवार को भी पता नहीं चल पाया। अब जो भी लापता युवकों के बारे में जानकारी देगा, उसे इनाम दिया जाएगा। वहीं, हेलीकाप्टर के माध्यम से भी इंद्रहार की पहाड़ियों में तलाश की गई। मगर मौसम खराब रहने के कारण लापता युवकों का कोई पता नहीं चल पाया। मंगलवार को मौसम खराब रहने के कारण हेलीकाप्टर की उड़ान नहीं हो पाई है। अब दोनों युवकों के परिजनों ने युवकों के जीवन या मृत होने की सूचना देने वालों को एक लाख रुपये इनाम देने संबंधी ईमेल फ्रेंच दूतावास के माध्यम से पुलिस हेडक्वार्टर को भेजी है। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि लापता युवकों के परिजनों ने दोनाें युवकों के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की है। उधर, डीआरओ नरेश ठाकुर ने बताया कि युवकों की तलाश की जा रही है।
