टैरेस से ट्रक चोरी के 3 आरोपी यूपी में धरे

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा पुलिस ने इलाके से ट्रक चुराकर यूपी ले जाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़े में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से चुराया गया एक ट्रक भी बरामद कर लिया है। गिरोह के तीनों सदस्यों को कोर्ट ने 6 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पिछले माह 3 अगस्त को संसारपुर टैरेस में स्थित ट्रक यूनियन में खड़ा एक ट्रक चोरी हो गया था। पुलिस की तफ्तीश के दौरान पता चला कि एक ट्रक यूपी के बुलंदशहर में खड़ा है। पुलिस की एक विशेष टीम मौके के लिए रवाना हो गई और यूपी पुलिस की सहायता से आरोपी हरिंद्र सिंह पुत्र राजपाल, राजिंद्र सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह दोनों आरोपी चंदोक जिला बुलंदशहर के रहने वाले हैं, को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी सोनू पुत्र चतर सिंह निवासी मचकोली जिला बुलंदशहर का रहने वाला है। देहरा पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 6 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अब आरोपियों से पूछताछ के दौरान इलाके से चोरी हुए अन्य ट्रकों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। साथ ही इलाके में सक्रिय इनकी गैंग के अन्य सदस्यों को पकड़ने में सफलता मिल सकती है।
डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चोरी के तीनों आरोपियों को यूपी पुलिस से ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। कोर्ट ने 6 सितंबर तक आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Related posts