डाक्टर ने जड़ा चपरासी को तमाचा

ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में मंगलवार को एक बच्चे का उपचार करते हुए किसी बात पर आवेश में आकर डाक्टर ने एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को तमाचा जड़ दिया। इसके बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। इसके बाद उक्त कर्मचारी ने डाक्टर के खिलाफ ऊना थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी। एसएचओ सदर केएल बैरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को क्षेत्रीय अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास किसी बच्चे को चोट लगने के चलते उपचार के लिए लाया गया था। डाक्टर ने आरंभिक उपचार के बाद उसकी बाजू पर प्लास्टर चढ़ाने की बात कही। इसके चलते बच्चे को प्लास्टर चढ़ाया जा रहा था। डाक्टर ने अपने साथ काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में से एक प्रकाश चंद निवासी टक्का को बच्चे की बाजू को कस कर पकड़ने के लिए कहा, लेकिन इस दौरान वह बच्चे की बाजू को थोड़ी सी ढील दे बैठा। इसे देखकर डाक्टर आवेश में आ गए और उन्हाेंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को तमाचा जड़ दिया। मामले की शिकायत पहले एसएमओ डा. अशोक दड़ोच और फिर सीएमओ डा. जीआर कौशल के पास की गई, जहां दोनों पक्षों से बातचीत करने पर डाक्टर ने अपनी हरकत के लिए शर्मिंदगी जाहिर की। हालांकि अधिकारियों के समक्ष दोनों पक्षों ने मामले को तूल न देते हुए उसे खत्म करने की बात कही, लेकिन इसके बाद प्रकाश चंद ने मामले को पुलिस के सुपुर्द करते हुए एफआईआर दर्ज करवा दी। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने डाक्टर के खिलाफ कर्मचारी को कमरे में रोक कर रखने और उसे तमाचा जड़ने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। इसकी छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts