
सुन्नी (शिमला)। होमगार्ड की भर्ती के लिए आए सैकड़ों बेरोजगार युवाओं को निराश होना पड़ा। मंगलवार को प्रस्तावित भर्ती अचानक रद कर दी गई। इस कारण दूर-दूर से भर्ती के लिए आए युवाओं ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया। जब संबंधित अधिकारियों ने इसके बारे में बात की गई तो उनका जवाब था कि प्रशासनिक कारणों के कारण भर्ती रद करनी पड़ी है।
सुन्नी मैदान में थर्ड बटालियन में 29 पदों के लिए भर्ती होनी थी। सुबह से अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। 761 आवेदन आ चुके थे। करीब सुबह दस बजे वहां मौजूद अधिकारियों ने कहा कि उन्हें मुख्यालय से आदेश आए हैं कि भर्ती रद हो गई है। इस पर वहां मौजूद अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने विरोध जताया। पहले भी विधानसभा सत्र के कारण भर्ती स्थगित कर दी गई थी। मामले को तूल पकड़ता देख कर वहां मौजूद कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे वहीं ठहरें। जल्द ही वे आएंगे। यह कहकर कर्मचारी निकल गए। दोपहर तक अभ्यर्थी इंतजार करते रहे। अब नई भर्ती कब होगी, इसके बारे में अब तक स्थिति साफ नहीं है। भर्ती अधिकारी कमांडेंट खेमराज ने कहा कि प्रशासनिक कारणों के कारण भर्ती रद करनी पड़ी है।
