एड्स पीड़ित मरीज ने लगाई दूसरी मंजिल से छलांग, मौत

जालंधर: सिविल अस्पताल में आज दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब मेल मैडीकल वार्ड में उपचाराधीन एक मरीज ने खिड़की से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने के बाद मरीज के सिर पर गहरी चोटें लगीं। लोगों ने उसे उठाया और एमरजैंसी वार्ड में इलाज के लिए लेकर पहुंचे लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पाकर थाना-4 की पुलिस ने मृतक राम किशन पुत्र सतपाल निवासी गांव धल्ले के (मोगा) का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस को दिए बयानों में मृतक की पत्नी ने बताया कि उसकी शादी को करीब 5 साल हो चले हैं। कुछ दिनों से उसका पति बीमार रहने लगा जिसके बाद वह जालंधर में रहने वाले परिजनों के पास आया और उनकी मदद से पति को 28 अगस्त को सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया।

टैस्ट होने के बाद उसके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई, जब उसे पता चला कि उसका पति एड्स व टी.बी. की बीमारी से ग्रस्त है। डाक्टरों ने उसका उपचार शुरूकिया और उसे मेल मैडीकल वार्ड में शिफ्ट किया। मृतक की पत्नी के मुताबिक आज दोपहर के समय उसके पति ने उसे कहा कि वह जाकर खाना खा ले। जैसे ही वह वार्ड के बाहर जमीन पर बैठ कर खाना खाने लगी तो वार्ड में शोर-शराबा सुनने को मिला।

इसके बाद वह भाग कर वार्ड में पहुंची तो पता चला कि उसके पति ने खिड़की से छलांग लगा दी है। थाना-4 में तैनात ए.एस.आई अमरीक सिंह का कहना है कि पुलिस ने धारा-174 की कार्रवाई की है क्योंकि मृतक की पत्नी का कहना है कि उसका पति बीमारी से दुखी था और इसी के चलते उसने सुसाइड किया है।

Related posts