चंद्रापुरी बाजार में नई सड़क का निर्माण आज से

रुद्रप्रयाग। चंद्रापुरी बाजार (भटवाड़ी सुनार) में रुद्रप्रयाग-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के नए रूट के मुताबिक निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीणों को सर्किल रेट से भवन और भूमि का मुआवजा भी मिल गया है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) मंगलवार से यहां हिल कटिंग कार्य शुरू कर देगा, जिससे चंद्रापुरी से आगे गुप्तकाशी की ओर दो दिन यातायात बंद रहेगा।
चंद्रापुरी बाजार में आज (मंगलवार) से नए मार्ग का निर्माण शुरू होगा। सेमी गांव के भू-धंसाव वाले पैच में भी मंगलवार शाम तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। बीआरओ के अनुसार, चार सितंबर की शाम तक रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मौजूदा समय में बीआरओ केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को सेमी गांव तक वाहनों के आवागमन के लिए खोल चुका है लेकिन चंद्रापुरी बाजार में ऊपर की ओर चार भवनों के कारण सड़क नहीं कट पा रही थी, जिससे बीआरओ नदी किनारे से अस्थायी रुप से सड़क ले गया। भवनों को गिराने के सिवाय यहां अन्य कोई विकल्प नहीं बचा था। इस बीच प्रशासन ने सर्किल रेट के अनुसार भूमि और भवन का कवर एरिया का मूल्यांकन कराया। मूल्यांकित राशि को शासन से मंजूरी मिल गई। मुआवजा भवन स्वामियों को दे दिया और उन्होंने भवन तुड़वाने की सहमति दे दी।

चार आवासीय भवनों में रह रहे पांच परिवारों को लगभग 42 लाख 42 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया है। अब यहां निर्माण आसानी से हो जाएगा। – राकेश तिवारी, एसडीएम ऊखीमठ।

चंद्रापुरी में मंगलवार से भवनों को ढहाकर हिल कटिंग की जाएगी। इस कारण दो दिन यहां से आगे यातायात बंद रहेगा। सेमी गांव में भी मंगलवार शाम तक सड़क खुलने की उम्मीद है। – मुकेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी बीआरओ।

Related posts