
बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग का जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा जिले में सोमवार से शुरू हो गया है। यहां जिला अस्पताल में नगर पालिकाध्यक्ष गीता रावल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की और लाभ उठाने का आह्वान किया।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इनका लाभ लोगों को उठाना चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. चंद्रा पंत ने कहा कि देश की तरक्की के लिए जनसंख्या नियंत्रण आवश्यक है। उन्होेंने कहा कि बागेश्वर जिले में दो सितंबर से16 सितंबर तक कुल 15 कैंप लगेंगे। बागेश्वर जिला अस्पताल सहित कपकोट और बैजनाथ के अस्पतालों में पांच-पांच कैंपों की व्यवस्था की जाएगी। जिनमें जनसंख्या नियंत्रण संबंधी आधुनिक वस्तुओं का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नसबंदी कराने वाले पुरुषों को 1100 और महिलाओं को 600 रुपये प्रोत्साहन के तौर पर दिए जाएंगे। उन्हेें प्रेरित करने लोगों को पुरुष नशबंदी के लिए दो सौ, महिला नसबंदी के लिए 150 रुपये मिलेंगे। दो पुरुषों प्रोत्साहित करने पर 500 रुपये मिलेंगे। तीन महिलाओं कोे लाने पर पांच सौ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आरएस सीपाल, डा. मिथिलेश रस्तोगी, मनोज पुरोहित, अनूप कांडपाल आदि भी उपस्थित थे। संचालन हरीश ऐठानी ने किया।
