
उत्तरकाशी। आपदा से बेघर हुए प्रभावितों के लिए प्री-फेब्रीकेटेड घर बनाने की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। डीएम डा. पंकज कुमार पांडे ने इसकी देखरेख की जिम्मेदारी संयुक्त राहत आयुक्त आशीष श्रीवास्तव को सौंपी है।
रविवार को संयुक्त राहत आयुक्त ने कार्यदायी संस्था आरईएस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मनेरी पहुंचे। इस मौके पर राजस्व विभाग की टीम ने घर निर्माण के लिए भूमि का नापजोख भी की। आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को एक सप्ताह के भीतर भूमि का समतलीकरण, विद्युत और जल संयोजन जोड़ने के साथ ही पहुंच मार्ग निर्माण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बताया कि मनेरी में लगभग 50 घर बनाए जायेंगे। प्री-फैब्रीकेटेड घर में दो कमरे, किचन, शौचालय, कम्युनिटी हाल, जानवरों के शेड होंगे। इस मौके पर तहसीलदार गौरव चटवाल, एई आरईएस प्रमोद गंगाडी, जेई विनोद बड़ोनी, नायब तहसीलदार रमेश प्रसाद बहुगुणा आदि मौजूद रहे।
