
पिथौरागढ़/चंपावत। पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में खाद्य सुरक्षा योजना शुरू हो गई। पिथौरागढ़ जिले के कांग्रेसी विधायकों और जिला पंचायत अध्यक्ष ने योजना के तहत आने वाले 25 लोगों को जबकि चंपावत में विधायक हेमेश खर्कवाल ने 100 लोगों को राशन प्रदान किया। योजना के शुभारंभ के लिए प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल को आना था लेकिन, मौसम खराब होने से उनका हेलीकॉप्टर देहरादून से उड़ान नहीं भर पाया।
पिथौरागढ़ के विधायक नारायण राम आर्य, गंगोलीहाट के विधायक नारायण राम आर्य धारचूला के विधायक हरीश धामी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी, पालिका अध्यक्ष जगत खाती, कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पीसीसी मेंबर मनोज ओझा ने योजना को गरीबों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा है कि कम आय वाले लोगों को भी योजना से राहत मिलेगी। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने कहा कि खुली बैठक में लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सीडीओ डा. आनंद श्रीवास्तव, एसपी वीकेएस कार्की, एडीएम बीएल राना, सभी एसडीएम मौजूद थे।
चंपावत के वन पंचायत सभागार में आयोजित समारोह में विधायक खर्कवाल ने 100 लोगों को छह किग्रा चावल, चार किलोग्राम गेहूं के बैग बांटे। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि योजना का लाभ जिले में पात्र व्यक्ति को ही मिले प्रशासन की ओर इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर सीडीओ जेके तिवारी, जिलापूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी,पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, सीओ पीएस पांगती, एसडीएम अभिषेक त्रिपाठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन राम आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षाधिकारी आनंद भारद्वाज ने किया।
