झांसे में आईं महिलाएं, 52 हजार गंवाए

हल्द्वानी। लामाचौड़ की महिला से उसकी जमीन में टावर लगाने के नाम पर 45 हजार ठग लिए, जबकि एक अन्य मामले में लकी ड्रा में मोबाइल नंबर का चयन होने पर 25 हजार का इनाम निकलने का झांसा देकर सात हजार रुपये का चूना लगा दिया गया। महिलाओं ने पुलिस से मदद की गुहार की है।
लामाचौड़ क्षेत्र निवासी एक महिला ने एसएसआई इंद्र सिंह राणा को बताया कि उसके एक परिचित युवक ने उसकी जमीन पर मोबाइल कंपनी का टावर लगवाने की बात कही। कहा कि इसके एवज में प्रति माह 50 हजार रुपये मिलेंगे, जिसका 11 साल का एग्रीमेंट होगा। इसके बाद युवक ने कंपनी के कर्मचारी बताकर तीन अन्य युवकों से उसकी बात भी कराई। 50 हजार रुपये महीने मिलने के लालच में उसने टावर लगवाने की हामी भर दी। इस पर युवकों ने उससे सिक्योरिटी के तौर पर 50 हजार रुपये जमा करने को कहा। पांच जुलाई से 26 अगस्त के बीच उसने एसबीआई के खातों में 45 हजार रुपये जमा कराए, लेकिन अब न तो उस परिचित युवक का पता है और न ही जिससे उसने बात कराई।
वहीं, एक अन्य मामले में बिठौरिया क्षेत्र की महिला ने एसएसआई को बताया कि रविवार को उसके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें एक युवक ने उसका नंबर लकी ड्रा में चुने जाने और 25 हजार का इनाम जीतने का झांसा दिया। युवक ने उसके बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों की पूरी जानकारी ली। शक होने पर उसने खाता चेक किया तो उसमें से सात हजार रुपये निकाले गए थे।

Related posts