ब्रेकर फटने से जौनपुर की बिजली गुल

नैनबाग (टिहरी)। मसूरी में ब्रेकर फटने से जौनपुर प्रखंड के नैनबाग, लालूरपट्टी सहित दर्जनों गांवों में तीन दिन से अंधेरा पसरा है। विभागीय अधिकारी दो दिन से कुछ देर में सप्लाई बहाल होने का झूठा आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहे है। उपभोक्ताओं में ऊर्जा निगम के प्रति आक्रोश बना है।
बिजली नहीं होने से लघु-कुटीर उद्योग चौपट हो गया है। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, पैथोलाजी टेस्ट भी नहीं हो पा रहे हैं। उमसभरी गर्मी होेने से भी लोग परेशान हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष सरदार सिंह राणा, सिकंदर कैंतुरा, गंभीर सिंह रावत, टटोर के पूर्व प्रधान गंभीर सिंह रावत का कहना है कि 16 एवं 17 जून को आई आपदा के दो दिन बाद ही बंद पड़ी विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। कई दिन से बारिश थमी है और सड़कों पर भी यातायात बहाल हो चुका है। ऊर्जा निगम के अधिकारी विद्युत आपूर्ति बहाल करने में नाकाम रहे हैं। जल्द विद्युत सप्लाई नहीं बहाल होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

कोट
मसूरी में ब्रेकर फटने से जौनपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। एक बार फाल्ट ठीक होने पर दोबारा समस्या आ गई है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जौनपुर को थत्यूड़ फीडर से जोड़कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने का काम चल रहा है। इसमें कामयाबी मिल चुकी है। – अमित कुमार, ईई ऊर्जा निगम टिहरी

Related posts