
गोपेश्वर। पुन: नियुक्ति की मांग कर रहे आउटसोर्सिंग कर्मियों ने सोमवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी है। आंदोलनरत कर्मी पिछले बीस दिन से डीएम कार्यालय में क्रमिक धरना दे रहे हैं।
सीईओ कार्यालय प्रांगण में हुई सभा में कर्मियों ने कहा कि रमसा और सर्व शिक्षा अभियान के तहत आउटसोर्सिंग से हुई भर्ती के लिए जिला स्तर पर एक कमेटी बनाई गई थी, जिसके जिलाधिकारी अध्यक्ष और सीईओ सदस्य थे। अब कर्मियों को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं। वहीं, आउटसोर्सिंग कर्मी बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। कर्मियों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पर गुमराह करने का आरोप लगाया। सभा में निर्णय लिया गया कि यदि जिलाधिकारी ने मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की, तो जनपद में आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। वहीं, शिक्षाधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी होने से कई विभागीय कार्य ठप हो गए हैं। हालांकि सीईओ और डीईओ तालाबंदी के दौरान मुख्यालय से बाहर थे। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष जगत सिंह राणा, भगवती प्रसाद, रेखा नेगी, जीतेंद्र पैथवाल, प्रेम प्रकाश, दिग्पाल गुसाईं, संजय मनराल, यादवेंद्र सिंह, हरीश कुमार, देवेंद्र थपलियाल, अरविंद मैखुरी आदि मौजूद थे।
