संविदा कर्मियों ने दिया धरना

चंपावत। जिला पंचायत के संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर जिला पंचायत कार्यालय परिसर में सोमवार को धरना दिया। संविदा कर्मियों का कहना था कि उन्हें जिला पंचायत में कार्य करते हुए दस साल से अधिक का समय हो गया है। लेकिन अब तक उन्हें नियमित किए जाने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जबकि इस संबंध में जिला पंचायत के निर्वाचित बोर्ड की ओर से कई बार शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी एक सूत्रीय मांग नहीं मानी गई तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
सोमवार को धरना देने वालों में नरेंद्र सिंह बिष्ट, हितेश जोशी, राजेश जोशी, सुरेश चंद्र चौबे, महेश महराना, सुभाष पांडेय, निर्मल सिंह महर, जगदीश सिंह और मनोज बिष्ट आदि संविदा कर्मचारी शामिल रहे। उधर इस संबंध में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी जेपी आर्या का कहना है कि जिन पदों में संविदा कर्मियों की तैनाती की गई है, वह पद शासन की ओर से सृजित नहीं हैं। जिस कारण इनकी सेवाओं को नियमित नहीं किया जा सकता है। उनका कहना है कि जिला पंचायत की ओर से समय समय पर संविदा कर्मियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की जाती है।

Related posts