पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना बनाई

चंपावत। आपदा के कारण चौपट हुए पर्यटन व्यवसाय को पटरी पर लाने के लिए इस बार कुमाऊं मंडल विकास निगम ने बंगाली पर्यटन सीजन में पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना बना ली है। सभी सूचना केंद्रों तथा जनसंपर्क अधिकारियों को प्रबंध निदेशक की ओर से पत्र जारी हो चुका है। बंगाली पर्यटकों को राफ्टिंग से जोड़ने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। बंगाली पर्यटन सीजन 15 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा।
निगम के अधिकारियों का मानना है कि ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन आपदा के कारण पूरी तरह चौपट हो गया था। बंगाली सीजन में इसकी भरपाई की कोशिश की जाएगी। बंगाली सीजन के समय पहाड़ की नदियों का पानी साफ हो जाता है। उसमें करंट ठीक रहता है। ऐसे में राफ्टिंग कराने में सुविधा रहती है। निगम के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने नैनीताल में प्रबंध निदेशक तथा महाप्रबंधक से बंगाली सीजन में पर्यटकों को आकर्षित करने के मसले पर चर्चा की है।
टनकपुर से चंपावत, लोहाघाट होते हुए आगे को बढ़ने वाले पर्यटकों को सरयू में राफ्टिंग कराई जाएगी। ऐसी कोशिश रहेगी कि हर दल को राफ्टिंग से जोड़ा जाए। धारचूला, मदकोट, मुनस्यारी की तरफ जाने वाले पर्यटकों को जौलजीबी के पास महाकाली में राफ्टिंग कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस बार शीतकाल में स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण भी चलाया जाएगा। इसके साथ साथ आम लोगों तथा स्कूली बच्चों के लिए राफ्टिंग के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

Related posts