गोदीन गांव में डायरिया फैला

नौगांव (उत्तरकाशी)। डामटा क्षेत्र के गोदीन गांव में डायरिया फैलने से ग्रामीण भयभीत हैं। दो दिन के भीतर गांव के 23 लोगों को उपचार के लिए डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जा चुका है। इनमें चार से सात वर्ष के 8 बच्चे एवं 9 महिलाएं, 6 पुरुष शामिल हैं। गांव में उल्टी-दस्त से कई अन्य लोग भी पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में टीम भेजकर दवाईयां बांटने के साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने को कहा है।
गांव में डायरिया फैलने के पीछे दूषित पेयजल को कारण माना जा रहा है। आपदा में पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण पनियारा गदेरे का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डामटा में गोदीन गांव के 17 लोगों को भर्ती कराया गया। सोमवार को गांव के छह और मरीज यहां भर्ती हुए। पांच बेड के इस अस्पताल में मरीजों को एएनएम सेंटर, ऑपरेशन थिएटर में लिटाकर उपचार किया जा रहा है। गांव के नजदीकी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कंडारी में एक हफ्ते से चिकित्सक नहीं होने से ताले लटके हैं। ऐसे में मरीज इलाज के लिए 28 किलोमीटर दूर डामटा आने को मजबूर हैं।

कोट
डायरिया प्रभावित गोदीन गांव में एएनएम एवं आशा कार्यकत्री को तैनात किया गया है। गांव में पर्याप्त दवाएं भिजवाई गई हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है। – डा. मेजर बचन सिंह रावत, चिकित्सा अधीक्षक

कोट
आयुर्वेदिक अस्पताल कंडारी एक हफ्ते से बंद पड़ा है। नदारद चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही उसे शीघ्र क्षेत्र में पहुंचने को कहा गया है। – डा. भानुप्रताप सिंह, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी

Related posts