राशन कार्डों में मुखिया के रूप में महिला का नाम

अल्मोड़ा। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई खाद्य सुरक्षा योजना के तहत खाद्यान्न वितरण का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बनाए जा रहे राशन कार्डों में मुखिया के रूप में महिला का नाम दर्ज किया जाएगा। योजना में प्रति यूनिट पांच किलो राशन दिया जाएगा। उन्होंने कुछ लोगों को खाद्यान्न बांटकर योजना की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि श्री नेगी ने कहा कि हमारे देश के तमाम नेताओं ने हरित क्रांति का जो सपना देखा था, खाद्य सुरक्षा कानून उसे मूर्त रूप देने का एक साहसिक कदम है। इसके लिए उन्होंने खास तौर पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। श्री नेगी ने कहा कि इस योजना में 15 हजार रुपये प्रति माह तक की आय वाले लोगों को सस्ती दरों में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संसदीय सचिव और विधायक मनोज तिवारी ने इस योजना का लाभ सभी पात्र लोगों को दिलाने पर जोर दिया। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि योजना को सही ढंग से लागू किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, नगर अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक, प्रभारी डीएसओ राजेंद्र सिंह बिष्ट आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट, दुग्ध संघ प्रशासक दीप डांगी, केसीडीएफ अध्यक्ष अमरनाथ रावत, पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती, जगदीश पांडे, सिकंदर पवार, फूल चंद्र महर, प्रीति बिष्ट, डा. आशा मेहता, हरीश अग्रवाल, सरिता टम्टा, सचिन आर्या, सचिन टम्टा, अख्तर हुसेन, आनंद सिंह बगडवाल, त्रिलोचन जोशी, गिरीश धवन, मनोज सनवाल, मुकेश नेगी, विपिन भट्ट, घनानंद जोशी आदि के अलावा जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता, सीडीओ डा.इकबाल अहमद, एडीएम प्रशांत आर्या, एसडीएम पंकज उपाध्याय, डीएसपी केएस ह्यांकी, कोतवाल पीएल वर्मा आदि मौजूद थे। संचालन श्रीमती नीलम नेगी ने किया।

Related posts