
नालागढ़ में दौड़ेंगे एक हजार युवा
नालागढ़ (सोलन)। भारत जागो दौड़ में नालागढ़ शहर में 18 से 40 आयु वर्ग के करीब एक हजार युवा दौड़ लगाएंगे। स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती पर सार्ध शती समारोह में के तहत 11 सितंबर को इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए 5 सितंबर तक पंजीकरण होगा। वहीं टी शर्ट व टोपी लेने के लिए 100 रुपये शुल्क रखा गया है।
नालागढ़-स्वारघाट हाइवे पर दत्तोवाल से वाया रड़ियाली होकर रोपड़ चौक से करीब 3 किलोमीटर तक की यह दौड़ आयोजित होगी। सार्ध शती समारोह समिति के संयोजक रूप लाल चंदेल और हरिराम धीमान ने बताया कि इसी के दृष्टिगत 11 सितंबर को भारत जागो दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद एक प्रखर देशभक्त, राष्ट्र निर्माता, समाज शास्त्री तथा महा संगठक थे। स्वामी विवेकानंद सार्ध शती की 150वीं जयंती समारोह का आयोजन 12 जनवरी, 2013 से 12 जनवरी 2014 तक किया जा रहा है। इस दौरान 11 जनवरी, 2013 को नालागढ़ शहर के वार्ड-7 स्थित भगवान परशुराम मंदिर में सुंदर कांड का पाठ और उसके बाद हवन, कलश स्थापना उपरंात 12 जनवरी,2013 को शोभायात्रा निकाली गई और भंडारा भी वितरित किया गया। 18 फरवरी को सूर्य नमस्कार यज्ञ किया गया। अब 11 सितंबर को भारत जागो दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इसके बाद 1 अगस्त से 30 अक्तूबर तक आयाम अनुसार कार्यक्रम, जिसमें गोष्ठियां, सेमीनार, परिचर्चाएं और सम्मेलन आदि आयोजित होंगे और ग्रह संपर्क अभियान का आयोजन 1 नवंबर से 15 नवंबर तक होगा तथा 5 जनवरी से 12 जनवरी 2014 तक चलो गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से इस दौड़ में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है।
