
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देईजी मंदिर भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की मुहिम के तहत सोमवार को आठ अवैध कब्जों को गिराया गया। कार्रवाई के दौरान लोगों के गुस्से के कारण देवीनगर क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम का अभियान काफी देर तक प्रभावित रहा। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। हाईकोर्ट की सूची में शामिल 53 में से करीब 28 कब्जों को हटाया गया या फिर तालाबंदी कर दी गई है।
सोमवार को तहसीलदार पांवटा बीएस गर्ग, नायब तहसीलदार मोही राम चौहान, पटवारी कमलेश चौहान एवं एसआई मुकुल शर्मा समेत करीब 40 सदस्यों की संयुक्त टीम देवीनगर पहुंची। देईजी साहिबां मंदिर की भूमि से अवैध कब्जे हटाने का अभियान शुरू किया गया। कुछ अवैध कब्जों को गिरा दिया एवं कुछ मकानों में तालाबंदी कर दी।
इस दौरान देवीनगर में कुछ लोग मौके पर एकत्र होकर ऐतराज करने लगे। एक बेहद निर्धन परिवार का नाम भी इस सूची में शामिल था लेकिन इस परिवार का एक बच्चा आंखों से अंधा है, मां समेत कुछ सदस्य बीमार होकर बिस्तर पर पड़े थे। क्षेत्रवासियों ने इस परिवार पर थोड़ा रहम करने का आग्रह किया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सदस्यों एवं आक्रोशित क्षेत्रवासियों के बीच काफी देर तक गर्मागरम बहस चलती रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने अवैध कब्जे हटाने में सहयोग करने की बात कही। केवल ऐसे लोगों के नाम सूची में शामिल हैं जिन्होंने कोर्ट से कोई स्टे नहीं लिया था।
उधर, तहसीलदार पांवटा बीएस गर्ग एवं नायब तहसीलदार मोही राम चौहान ने पुष्टि की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि देवीनगर में कुछ लोग अभियान के दौरान विरोध जता रहे थे। इनको कार्रवाई नियम कानून के तहत होने बारे समझा दिया गया। सोमवार को क्षेत्र में करीब 8 अतिक्रमण हटा दिए एवं तालाबंदी की गई है।
