
शिमला। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, राजीव सहजल, पार्टी प्रवक्ता गणेश दत्त और चंद्रमोहन ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सलाह दी है कि वह एक लोकतांत्रिक प्रदेश के मुख्यमंत्री की तरह व्यवहार करें न कि एक रजवाड़े की तरह। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें धूमल को जेल में डालने की बात कही गई थी।
भाजपा नेताओं ने वीरभद्र सिंह को सलाह दी है कि वह अपना समय प्रदेश के विकास की ओर लगाएं न कि धूमल और अनुराग को कोसने में। पार्टी नेताओं ने कहा है कि अब वीरभद्र सिंह को सम्मानजनक विदाई के बारे में सोचना चाहिए। सबसे सहयोग लेना चाहिए और ऐसे बयानों से बचना चाहिए। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि शायद मुख्यमंत्री को इस बात का दर्द है कि उनके, उनकी पत्नी और पूर्व आईएएस अधिकारी महेंद्र लाल की सीडी पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने न्यायालय तक पहुंचाई, जबकि 2007 में इस सीडी की जांच के लिए उन्होंने खुद आदेश दिए थे तथा इसके लिए भी वह उच्च न्यायालय तक गए थे। जिस व्यक्ति ने वह सीडी जारी की, उससे तो वीरभद्र सिंह ने समझौता कर लिया लेकिन गुस्सा भाजपा पर क्यों? भाजपा नेताओं का आरोप है कि 8 माह के शासन काल में वह विकास के कार्य करा पाने में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने भी धूमल को लेकर दिए गए बयान की निंदा की है।
