कर्मचारियों को डरा हैं जोगटा, हेम सिंह

मंडी। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ मनकोटिया गुट की बैठक जिला प्रधान देवराज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले की सभी इकाइयों के प्रधान एवं महासचिवों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों से संबंधित लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महासचिव अमरजीत शर्मा ने कहा कि मंडी के तमाम कर्मचारी मनकोटिया गुट में आस्था रखते हैं लेकिन कुछ छुटभैया एवं स्वयंभू नेता आए दिन सुर्खियों में रहने के लिए अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
ऐसा कर वे कर्मचारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जोगटा एवं हेम सिंह अपने आपको कर्मचारी हितैषी मानते हैं लेकिन उन्होंने कभी भी कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है। शर्मा ने कहा कि मनकोटिया के बढ़ते प्रभाव से जोगटा एवं हेम सिंह बुरी तरह से घबरा चुके हैं। उन्होंने कहा दोनों नेता कर्मचारियों को तबादले के नाम से धमका रहे हैं। इसकी कर्मचारी महासंघ कड़ी आलोचना करता है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे ऐसे नेताओं की धमकियों से न डरें। उन्होंने सरकार से मांग की है कि शीघ्र ही सुरेंद्र मनकोटिया को जेसीसी की बैठक के लिए बुलाया जाए ताकि कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगों को पूरा किया जा सके। इस अवसर पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार, कोषाध्यक्ष रमेश ठाकुर, सतीश कुमार, अशोक कुमार, मोती लाल, सरन लाल भी उपस्थित थे।

Related posts