गुस्साए ग्रामीणों ने ठप करवाया काम

बरोट (मंडी)। बरोट-लोहारडी सड़क के बीच थूजी गांव के पास भूस्खलन से हो रही समस्या पर लोग उग्र हो गए हैं। सोमवार को थूजी गांव के बाशिंदों ने समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बार-बार की इस परेशानी से तंग आकर सड़क बहाली का कार्य रोक दिया। प्रशासन तथा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेताया कि अब जब तक सड़क की समस्या का स्थायी हल नहीं किया जाता सड़क को बहाल नहीं करने दिया जाएगा। इस बीच सड़क को बहाल करने आए विभागीय मजदूराें को भी वापस हटना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना था कि बरोट-लोहारडी सड़क में थूजी गांव के पास हर साल बरसात में भूस्खलन से सड़क बार-बार अवरुद्ध हो जाती है। लोग इस समस्या से सालों से जूझ रहे हैं। समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
हल्की सी भी बारिश होने पर सड़क मलबे, पेड़ाें और चट्टानों से भर जाती है। भूस्खलन से पेयजल का मुख्य स्त्रोत क्षतिग्रस्त हो गया है जबकि 100 बीघा भूमि के लिए खतरा बन गया है। ऊपर से पेड़ गिर रहे हैं, जिससे बिजली भी गुल हो रही है। लोगाें का आरोप है कि प्रशासन तथा विभाग समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। थूजी ग्राम सभा प्रधान ईश्वर सिंह, युवक मंडल प्रधान संजीव, दान सिंह, मनोहर लाल, अमित, तिलक राज, पृथ्वी, डागी राम, कुलदीप, कश्मीर, जगजीवन, वार्ड सदस्य रीना दवी, बरोट पंचायत प्रधान चमेल सिंह सहित ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन, लोनिवि तथा वन विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, विभाग को कार्य नहीं करने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। एसडीओ बीएस वर्मा ने बताया कि कार्य रोकने की उन्हें अभी कोई सूचना नहीं है। विभाग भूस्खलन से सड़क पर गिरने वाले मलबे को समय-समय पर उठा रहा है।

Related posts