
बिलासपुर। बिलासपुर सदर खंड के तहत पटवारखानों का कायाकल्प होने जा रहा है। सदर के तहत आने वाले 32 पटवारखानों की मरम्मत के लिए प्रशासन ने साढ़े 25 लाख का बजट स्वीकृत कर दिया है। इस बजट से इन पटवारखानों की मरम्मत की जाएगी। दो नए पटवारखानों का भी निर्माण किया जा रहा है। घंवास्ल और माकड़ी में पटवारखानों के नए भवन बनाए जाएंगे।
बिलासपुर सदर के अधिकतर पटवारखानों की हालत खस्ता हो गई है। कई पटवार खाने तो किराये पर चल रहे हैं। वर्षों से मरम्मत नहीं होेने के कारण पटवारखानों में कार्य करना मुश्किल हो गया है। प्रशासन ने पटवारखानों की मरम्मत के लिए 25.50 लाख रुपये का बजट जारी करते हुए प्रक्रिया आरंभ कर दी है। चरणबद्ध तरीके से पटवारखानों की मरम्मत की जाएगी। एसडीएम सदर एमएल मेहता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पटवारखानों की मरम्मत के लिए बजट जारी कर दिया है। इसके अलावा दो और पटवारखाने खोले जा रहे हैं। घंवास्ल और माकड़ी में खुलने वाले इन पटवारखानों के लिए भी बजट मुहैया करवाया गया है। लोगों को अपने राजस्व संबंधित कार्य निपटाने के लिए दिक्कतें नहीं होनी चाहिए। पटवारखानों में भी उन्हें यह सुविधा मिले, इसके लिए पटवारखानों को चकाचक किया जा रहा है। उन्होंने पटवारियों से भी आग्रह किया है कि वह तय दिन के तहत अपने-अपने पटवारखाने में उपस्थित होकर जनता के कार्य करें।
