
चंबा। जिला चंबा में 1553 स्कूलों के लिए लगभग 19 करोड़ 34 लाख रुपये का बजट मिला है। यह बजट सर्वशिक्षा अभियान के तहत स्वीकृत हुआ है। इसमें से स्कूल ग्रांट व मेनटेनेंस ग्रांट के बजट को स्कूलों के लिए जारी कर दिया गया है, जबकि अन्य बजट समय-सयम पर जारी किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला भर के 1553 स्कूलों की रिपेयर व उचित रख रखाव के लिए सर्वशिक्षा अभियान के तहत एक करोड़ 13 लाख रुपये के बजट का प्रावधान हुआ है। इससे क्षतिग्रस्त स्कूलों की मरम्मत की जाएगी। प्राइमरी व अप्पर प्राइमरी के शिक्षकों की ट्रनिंग पर लगभग 73 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके तहत शिक्षकों को विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा इस बजट से जिला के हर प्राइमरी स्कूल को पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जबकि अप्पर प्राइमरी स्कूलाें को सात हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए कुल 86 लाख रुपये के बजट का प्रावधान हुआ है। स्कूल प्रबंधन समिति के लिए सर्वशिक्षा अभियान के तहत 18 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इससे स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों को अलग-अलग प्रकार की ट्रेनिंग दी जाएगी। चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड (सीडब्ल्यूएसएन) के तहत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जिला के लगभग 680 स्कूलों में रेल्ज एंड रैंप का निर्माण किया जाएगा। इससे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उधर, डाइट के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने बताया कि सर्वशिक्षा अभियान के तहत जिला के 1553 स्कूलों के लिए लगभग 19 करोड़ 34 लाख रुपये का बजट मिला है। उन्होंने कहा कि मेनटेनेंस व स्कूल ग्रांट जिला भर के लगभग सभी स्कूलों को जारी कर दी गई है। इसके साथ ही आवश्यक्ता अनुसार बाकी बजट भी जारी किया जा रहा है।ि
