
रामपुर बुशहर। निर्माणाधीन रामपुर प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने मजदूरों को परियोजना भत्ता समेत भोजन एवं चिकित्सा भत्ता देने की मांग की है। सोमवार को यूनियन ने इस सिलसिले में गैमन और पटेल प्रबंधकों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। साथ ही यूनियन ने मुख्य नियोक्ता कंपनी एसजेवीएन लिमिटेड को भी इस बारे में ज्ञापन भेजा है। मजदूर यूनियन के प्रधान अनिल कुमार, देवकी नंद, कुलदीप सिंह, परस राम, जगदीश वर्मा, संतोष कुमार, पवन कुमार, दयाल भाटनु, अजेंद्र नेगी, टीपू, जगदीश कुमार और जगदीश आदि ने गैमन और पटेल कंपनी के प्रबंधकों से मुलाकात की और उनके समक्ष मजदूरों की समस्याएं रखीं। मुलाकात के दौरान उन्होंने मजदूरों को वर्दी, कपड़े की धुलाई भत्ता, आवास भत्ता देने की भी मांग उठाई। कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
