मिट्टी और पत्थर से भरे जा रहे हैं गड्ढे

पिथौरागढ़। गड्ढों की भरमार वाली सड़कों में लोगों को राहत देने के लिए फिलहाल लोक निर्माण विभाग ने इन्हें भरना शुरू कर दिया है। अभी ये गड्ढे कामचलाऊ तौर पर भरे जा रहे हैं। जिला मुख्यालय की सड़कों में कई स्थान पर गड्ढे हैं। जो न केवल शहर की रफ्तार को धीमा करते हैं बल्कि आवाजाही भी जोखिमभरी रहती है। इसके मद्देनजर कई संगठनों ने विभाग पर दबाव बनाया। और अब लोनिवि ने अस्थाई रूप से पत्थर और मिट्टी से गड्ढों को भरने का काम शुरू किया है।
लोनिवि के पिथौरागढ़ डिवीजन के अधिशासी अभियंता बदलू राम का कहना है कि गड्ढों से निजात दिलाने के लिए इस वक्त कामचलाऊ व्यवस्था की जा रही है। सिल्थाम, जिला सहकारी बैंक के पास के एरिया सहित कई हिस्सों में गड्ढों को भरा जा रहा है। बरसात बाद यहां की सड़कों पर हॉटमिक्स किया जाएगा।
लोनिवि के स्वामित्व में आने वाली 22 सड़कों की कुल 41 किलोमीटर का मोटर मार्ग 17.50 करोड़ रुपये से हॉटमिक्स किया जाना है। इन सड़कों में 34 फीट से 40 फीट चौड़ाई में हॉटमिक्स होगा। ये कार्य बरसात बाद अगले महीने से शुरू होगा। फिलहाल इसकी राह में आ रहे अतिक्रमणों को हटाने की कवायद की जा रही है।

Related posts