60 घंटे से मुनस्यारी अंधेरे में

मदकोट/मुनस्यारी। मुनस्यारी तहसील के लोगों की रात अब भी अंधेरे में कट रही है। शुक्रवार से यहां की गुल बत्ती अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। इससे नागरिकों की परेशानी बढ़ रही है। तहसील का बड़ा हिस्सा तो अंधेरे में है ही, मोबाइल चार्जिंग नहीं होने की वजह से संचार संपर्क पर भी असर पड़ा है।
जून में मुनस्यारी तहसील के काफी बड़े हिस्से को भारी बारिश की वजह से तबाही का सामना करना पड़ा। और अब भूस्खलन से बिजली आपूर्ति पर मार पड़ी है। भूस्खलन से रुइसपाटा में शुक्रवार सुबह 33 केवी लाइन के तीन पोल गिर गए। जिससे इन इलाकों की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई।
शनिवार तक बिजली बहाल करने की विभागीय दावों की हवा तो पहले ही निकल गई थी। लेकिन 60 घंटे से अधिक वक्त तक बिजली नहीं होने से लोगों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी है। यहां की 20 हजार से अधिक की आबादी लगातार तीसरी रात उजाले के बगैर रहना पड़ा है। फोटो स्टूडियो, फोटो स्टेट, अस्पालों में एक्सरे और कई अन्य जांचों सहित बिजली पर आधारित कारोबार भी ठप रहा। स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी अंधेरे का वार हो रहा है।
उधर, विभाग का कहना है कि पोलों को लगाकर व्यवस्था बहाल करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। मगर मौके पर कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।

Related posts