
नई टिहरी। ऊर्जा निगम विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए जल्दी ही व्यवसथा को हाईटेक करने जा रहा है। इससे गलत मीटर रीडिंग से तो निजात मिलेगी ही बिजली गुल होने पर टोलफ्री नंबर के साथ ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। समस्या का तत्काल समाधान कर उपभोक्ता के मोबाइल पर मैसेज भेजा जाएगा। यह व्यवस्था शुरू होने से निगम को घाटे से उबरने में भी मदद मिलेगी।
अक्सर बिजली उपभोक्ता गलत रीडिंग से भारी-भरकम बिल आने, लो वोल्टेज तथा बिजली गुल रहने से परेशान रहते हैं। समय पर बिल न मिलने से उपभोक्ता कई बार बिलों का भुगतान भी नहीं कर पाते हैं। नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को स्पॉट बिलिंग मशीन (एसबीएम) से मीटर रीडिंग लेते समय ही बिल थमाया जाएगा। एसएमएस से भी जानकारी दी जाएगी। बिजली गायब रहने, लो वोल्टेज और तार झूलने आदि की शिकायत टोलफ्री नंबर 18004190405 पर दर्ज करा सकेंगे। जिससे जिले के 65 हजार घरेलू और पांच हजार कामर्शियल उपभोक्ताओं को समस्याओं से निजात मिलेगी।
विद्युत बिलों का पूरा भुगतान न होने और बिजली चोरी से निगम को नुकसान उठाना पड़ रहा है। निगम को खपत मूल्य का पूरा भुगतान नहीं मिल रहा है। सबसे कम बिलिंग प्रतापनगर से है। जहां प्रतिमाह लगभग 40 लाख रुपये की बिजली आपूर्ति के बदले कुल सात लाख की बिलिंग होती है। घनसाली में 65 में से 30 लाख, चंबा 75 में से 35, नरेंद्रनगर 22 लाख में से 9 लाख, टिहरी में 35 में से 26 और मुनिकीरेती में एक करोड़ में से 85 लाख रुपये का ही भुगतान मिल पाता है।
जिले में बिलिंग की स्थिति सुधारने के लिए व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। एसबीएम स्कीम शुरू होने के बाद गलत रीडिंग की शिकायत नहीं होगी। इससे पहले सभी खराब मीटर भी बदले जाएंगे। यह व्यवस्था इसी माह से शुरू की जाएगी।
-अमित कुमार, ईई ऊर्जा निगम नई टिहरी।
