
चिन्यालीसौड़। रोजगार की मांग को लेकर चिन्याली गांव के ग्रामीणों ने रविवार को भी हवाई पट्टी विस्तार का काम शुरू नहीं करने दिया। ग्रामीणों ने फिर मजदूरों को मशीनों समेत खदेड़ दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोक-झोंक हुई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो अग्रिम निर्णय होने तक काम बंद रखने पर सहमति बनी।
शनिवार को हवाई पट्टी के विस्तार का काम बंद कराने वाले ग्रामीणों के तेवर रविवार को भी उग्र रहे। काम कर रहे यूपी निर्माण निगम केकर्मचारी रविवार को फिर मशीनें लेकर काम शुरू करने के लिए पहुंचे लेकिन ग्रामीणों ने जबरन काम बंद कराकर मजदूरों को खदेड़ दिया। तीखी नोक-झोंक के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप रावत के सामने मजदूरों ने ग्रामीणों पर मारपीट करने तथा ग्रामीणों ने मजदूरों पर जेसीबी से कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी कि मंगलवार को निगम उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में वार्ता होगी। तब तक काम बंद रहेगा। इस मौके पर निगम के सुपरवाइजर विजय मटूड़ा तथा पूर्व प्रधान जयराज ठाकुर, सत्यपाल, राजू बिष्ट, नरेंद्र, पूरण, राजेंद्र पंवार, विजयलाल, शूरवीर मेहरा आदि अनेक ग्रामीण मौजूद थे।
