सिलेंडर लीक होने से मकान मे लगी आग

अल्मोड़ा। नगर से लगे गोलना करड़िया गांव में शनिवार रात गैस सिलेंडर के लीक होने से मकान के एक कमरे में आग लग गई। आग लगने से कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। लोगों की सजगता से आग फैलने से बच गई। प्रभावितों ने पड़ोसियों के यहां शरण ली है।
गोलना करड़िया में अमरनाथ सिंह के मकान में बजेठी (जलना) निवासी तीन भाई गोपाल सिंह, चंदन सिंह, सुरेश सिंह रहते हैं। गोपाल सिंह दुग्ध डेरी में काम करते हैं, जबकि छोटा भाई चंदन सिंह आईटीआई और सुरेश जीआईसी में बारहवीं का छात्र है। गोपाल सिंह ने शनिवार रात करीब आठ बजे नया गैस सिलेंडर लगाया। चाय बनाने के कुछ देर बाद उन्होंने गैस जलाकर सब्जी पकाने के लिए रख दी और वह आटा गूंदने लगे। एकाएक सिलेंडर ने रेगूलेटर के पास आग पकड़ ली। कमरे में धुआं फैल गया। गोपाल सिंह, सुरेश सिंह कमरे से बाहर भागे, बड़े भाई गोपाल सिंह को बचाने के प्रयास में आग की चपेट में आने से चंदन सिंह के दाहिने हाथ की अंगुलियां और सिर के बाल जल गए।
पड़ोसियों की मदद से उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया पर आग नहीं बुझी। कुछ देर बाद साहस का परिचय देते हुए पड़ोसी अखिलेश रावत ने सरिया की मदद से जलते सिलेंडर को बाहर निकला और आग बुझाई। परंतु तब तक कमरे में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया था। एसडीएम के निर्देश पर पटवारी कुंदन सिंह नयाल ने मौका मुआयना किया। चंदन सिंह ने बताया कि अग्निकांड में घरेलू सामान के अलावा उनके बीए प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष के प्रमाण पत्र, भाभी के बीए के अंकपत्र और अन्य साथी के बीए प्रथम वर्ष की अंकतालिका, दो मोबाइल, एटीएम कार्ड, पासबुक भी जल गए। तीनों भाई अब पड़ोसियों के यहां रह रहे हैं। चंदन सिंह के अनुसार आग से उन्हें करीब चालीस हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

Related posts