
बागेश्वर। जिला मुख्यालय से कपकोट और पिंडारी ग्लेशियर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग एक तरफ गड्ढों के कारण बदहाल है तो दूसरी तरफ सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियां परेशानी का सबब बनी हैं। दस करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बावजूद इस मार्ग की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है।
बागेश्वर से कपकोट को जोड़ने वाली सड़क से ही पिंडारी ग्लेशियर यात्रा का भी संचालन होता है। जिस कारण इस सड़क का पर्यटन महत्व भी है। कपकोट और बागेश्वर के मध्य दिन भर वाहनों का तांता लगा रहता है। किंतु कई सालों से यह सड़क बदहाल है। खासकर कपकोट और इसके आसपास मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। जिनमें बारिश का पानी भर जाने के कारण सड़क का अधिकतर हिस्सा तलैया का रूप ले लेता है। गड्ढों गहरे होने से जलभराव में दुर्घटनाओं का भी खतरा रहता है। ऐसी हालत में राह चलते लोगोें को भी कठिनाई होती है। मरम्मत के अभाव में सड़क का अधिकतर हिस्सा बदहाल है। दूसरी तरफ सड़क के दोनों छोरों पर गाजर घास और विभिन्न प्रकार की झाड़ियां उग आई हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मार्ग से अक्सर अधिकारी और बड़े राजनेता गुजरते हैं। लेकिन सड़क की मरम्मत को प्रयास नहीं हो रहे हैं।
