
नई दिल्ली। आसाराम के समर्थकों ने रविवार शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के घर भी प्रदर्शन के लिए जा रहे थे जिन्हें पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। स्टेशन पर समर्थक रेलवे ट्रैक पर बैठकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। इस विरोध प्रदर्शन में नई दिल्ली-पलवल रूट की ट्रेन का संचालन में आधे घंटे से अधिक प्रभावित हुआ। काफी समर्थक प्लेटफार्म नंबर 5/6 पर एकत्रित हुए और रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। इसके कारण ट्रैक पर पहुंची नई दिल्ली-पलवल रूट की ट्रेन बाधित हो गई। शाम 7:15 बजे नई दिल्ली प्लेटफार्म से रवाना होने वाली ईएमयू ट्रेन करीब आधे घंटे तक ट्रैक पर ही रुकी रही। बाद में रेलवे प्रशासन ने पुलिस बल का प्रयोग कर उन्हें ट्रैक से हटाया। रेलवे पुलिस के अनुसार 18 महिलाओं समेत 30 लोगों को हिरासत में लिया गया।
