पढ़ाने से पहले खुद पढ़ेंगे शिक्षक!

शिमला। गुणात्मक शिक्षा के लिए शिमला जिले के नौवीं और दसवीं के 900 शिक्षकों को खास ट्रेनिंग दी जाएगी। इन शिक्षकों को पढ़ाने के आधुनिक टिप्स के साथ कक्षा में जाने से पहले आवश्यक तैयारी की हिदायतें भी दी जाएंगी। शिक्षकों के अलावा हर स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के चार-चार सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन सदस्यों को एसएमसी के कार्य, उनके अधिकार, शिक्षकों की जवाबदेही के लिए तैयार किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) को सौंपी है। इसकी पुष्टि शामलाघाट डाइट के प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश घरेड़ा ने की है।
घरेड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) के तहत दो माह में जिले के 900 शिक्षकों को पांच दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, समाज शास्त्र के शिक्षकों को दिया जाएगा। इन शिक्षकों को ‘टीचिंग एड मेटिरियल’ को इस्तेमाल कर पढ़ाई को रोचक बनाना सिखाया जाएगा। शिमला डाइट को प्रशिक्षण कार्य के लिए आरएमएसए के तहत बारह लाख का बजट दिया गया है।

Related posts