
चंबा। शिक्षा विभाग ने जिला भर के स्कूलों को विभिन्न स्क ीमों के तहत मिलने वाले बजट का एस्टीमेट बनाकर इसकी डिमांड शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को भेजने के निर्देश जारी किए हैं। यह डिमांड छह सितंबर से पहले शिक्षा विभाग के पास पहुंच जानी चाहिए। इसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से 15 सितंबर तक सरकार को बजट की डिमांड भेज दी जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार अभी तक जिला भर के स्कूलों ने वर्ष 2014-15 के प्रस्तावित बजट की डिमांड नहीं भेजी है और न ही वर्ष 2013-14 के संशोधित बजट की डिमांड भेजी है। ऐसे में शिक्षा विभाग को सरकार से बजट की मांग करने में अड़चन पेश आ रही है। शिक्षा विभाग के डिप्टी डीओ ओपी हीर ने बताया कि इस बजट में शिक्षकों की सैलरी, स्कूल की वार्षिक आय-व्यय का खर्च और अन्य प्रकार का बजट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों को जेबीटी, सीएंडवी, टीजीटी और लेक्चरर बीपीओ, मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र पर वर्ष 2014-15 के प्रस्तावित बजट का एस्टीमेट बनाकर छह सितंबर से पहले शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। इसके अलावा वर्ष 2013-14 के संशोेधित बजट की डिमांड भी भेजें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर बजट की डिमांड शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय न पहुंचने पर संबंधित स्कूल के मुखिया जिम्मेवार होंगे।
