खाद्य सुरक्षा योजना: दिल्ली में अनाजों का बंटवारा शुरू

खाद्य सुरक्षा योजना: दिल्ली में अनाजों का बंटवारा शुरू

नई दिल्ली: महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आज राष्ट्रीय राजधानी में अनाजों का बंटवारा शुरू हो गया। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कई इलाकों में चिह्नित लाभुकों को इस योजना के तहत अनाज देकर इसकी शुरूआत की।

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 20 अगस्त को दिल्ली में इस योजना की शुरूआत की थी। अनाज के बंटवारे की शुरूआत के वक्त दीक्षित ने कहा था कि इस कार्यक्रम के तहत अनाज एक सितंबर से वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मध्य दिल्ली के लक्ष्मीबाई नगर, दक्षिण किदवई नगर, कृष्ण मेनन मार्ग और कॉपरनिकस मार्ग में लाभार्थियों को अनाज बांटे।

जिन क्षेत्रों में दीक्षित ने अनाज बांटे वे सभी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के तहत आते हैं जिनका प्रतिनिधित्व वह खुद करती हैं। दीक्षित ने कहा कि दिल्ली सरकार इस योजना के तहत शहर के 73.5 लाख लोगों को लाभ पहुंचाएगी । दिल्ली की आबादी 1.68 करोड़ है।

Related posts