स्कूली छात्रों ने निगम के खिलाफ की नारेबाजी

ददाहू (सिरमौर)। रेणुका-कोटी धमान बस सेवा में यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को लेकर शनिवार को ददाहू स्कूल के बच्चों ने कोटी धमान बस सेवा का घेराव कर परिवहन निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले को बिगड़ता देख अड्डा प्रभारी ने पुलिस को मौके पर बुलाया लेकिन उसके बावजूद भी बच्चे अपनी बात पर अडे रहे।
रेणुका से कोटी-धमान के लिए दोपहर बाद 3:15 बजे स्कूल के बच्चों को छोड़ने के लिए एक विशेष बस सेवा का प्रावधान है लेकिन शनिवार को बस यात्रियों से पहले ही भर गई। बाद में चालक ने स्कूल के बच्चों को छत पर बैठने से मना कर दिया। इससे छात्रों में रोष उत्पन्न हो गया। छात्रों ने बस को रोक कर परिवहन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान ददाहू स्कूल में पढ़ने वाले कोटी धमान क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की संख्या 100 से भी अधिक थी। इस दौरान छात्राएं तो बस में खड़ी हो गई। जबकि छात्रों ने बस का घेराव कर दिया। स्कूल के बच्चों की मांग थी कि यह विशेष बस सेवा स्कूल के बच्चों के लिए हैं। चालक परिचालक को दूसरे यात्रियों को इस बस में नहीं बिठाना चाहिए था।
उधर इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक नाहन रसीद शेख ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इससे पूर्व निजी बस का समय 2 बजे का है लेकिन शनिवार को निजी बस न होने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ गई और बस में बैठे यात्रियों को उतारा नहीं जा सकता। इसी कारण यह समस्या हुई।

Related posts