
नेरचौक (मंडी)। बल्हघाटी के मुख्य बाजार नेरचौक में वीरवार रात को चोराें ने एक दुकान में सेंधमारी कर दी। जहां चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, वहां रात को पुलिस की गश्त रहती है। वीरवार रात्रि पुलिस का नाका भी यहां पर लगाया गया था। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर से कैश ले उड़े, मगर किसी को भी इस बात की भनक नहीं लगी। शिकायत पर पुलिस ने भादसं की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने राणा मार्केट में स्थित मनियारी की दुकान पर हाथ साफ किया। दुकान मालिक का नोटाें के हारों का भी अच्छा कारोबार है। चोराें ने गले पर लगे ताले तोड़े और 70 हजार का कैश ले उड़े। दुकान के मालिक टेक चंद ने पुलिस थाना बल्ह में घटना की शिकायत दर्ज करवाई है। नेरचौक बाजार की राणा मार्केट में लोगाें की चहलकदमी रहती है। रोशनी से जगमगाती मार्केट में इस घटना से अन्य दुकानदार भी सकते में हैं। व्यापार मंडल के प्रधान अमृत पाल के अनुसार रात भर पुलिस की गश्त इस इलाके में रहती है। व्यापार मंडल ने आरोपियाें को जल्द पकड़ने की मांग की है। इधर, घटना की पुष्टि करते हुए बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियाें को जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
