
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की 46 पंचायतों के लगभग 25 प्रतिशत लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। कार्ड न बनने वालों की संख्या करीब तीन हजार बताई जा रही है। कार्ड न मिलने से इन ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रसोई गैस उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से रसोई गैस प्राप्त करने के लिए 31 अगस्त तक आधार कार्ड जमा करवाने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन विकास खंड की कई पंचायतों के लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं। इसके चलते वे अपने आधार कार्ड कहां से जमा करवाएंगे। डियूर के पूर्व प्रधान चमन लाल, सलूणी की प्रधान कमला ठाकुर, सिंगाधार के प्रधान विनोद कुमार, खरोटी की प्रधान आशा कुमारी, लेख राज, अनिल कुमार, उत्तम चंद, बिहारी लाल, मान सिंह, प्रेम लाल, पान सिंह, हरि सिंह व हेम राज ने बताया कि उन्होंने आधार कार्ड के लिए दो-दो बार अप्लाई किया, लेकिन आज तक उनके आधार कार्ड नहीं पहुंचे हैं। इसके कारण वे गैस एजेंसी में अपने आधार कार्ड कहां से जमा करवाएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी में आधार कार्ड जमा करवाने की डेट बढ़ाई जाए। उधर, सूनूह वार्ड की जिला परिषद सदस्य कमला देवी ने बताया कि उनके वार्ड में सैकड़ों उपभोक्ताओं के अभी तक आधार कार्ड नहीं बने हैं। इस मामले को वह जिला परिषद की बैठक में रखेंगी। इसके अलावा इस बारे में उपायुक्त को भी अवगत करवाया जाएगा। उधर, एसडीएम संजय धीमान ने बताया कि जब तक गैस उपभोक्ताओं के आधार कार्ड नहीं पहुंचते उन्हें गैस तो मिलती जाएगी, लेकिन उन्होंने लोगों को जल्द आधार कार्ड जमा करवाने की अपील की है।
