पंजाब के निकले चोरी के आरोपी

भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रियों को लूटने वाले चोर गिराह के चार सदस्यों को पकड़ कर पुलिस स्थानीय थाने में ले आई है। इन्हें पुलिस ने वीरवार को डल झील में श्रद्धालुओं के पर्स चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। इनसे 62 हजार 264 रुपये नकदी सहित श्रद्धालुओं के पर्स और अन्य कीमती सामान भी बरामद किया गया है। अन्य सामान में 17 परस, एक 39 हजार का नोकिया मोबाइल सेट व अन्य दर्जनों मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने इनकी पहचान विकास वर्मा पुत्र शाम लाल (26) निवासी लुधियाना, राजन कुमार पुत्र संजीव कुमार (28) निवासी लुधियाना, कपिल वर्मा (26) पुत्र जसपाल वर्मा निवासी लुधियाना व चमनीर सिंह (24) पुत्र जोगराज निवासी बरनाला के रूप में की गई है। इन सभी पर मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों का सामान लूटने का आरोप है। इन चारों को पकड़ने के बाद पुलिस श्रद्धालुओं को लूटने वाले चोर गिरोह के बाकी सदस्यों का पता लगाने में जुट गई है। थाना प्रभारी भरमौर ज्ञान चंद ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चोरों से कुछ नकदी, परस तथा मोबाइल बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि चोरों को जल्द अदालत के समक्ष पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। उल्लेखनीय है कि कुछ सालों से मणिमहेश यात्रा के दौरान यात्रियों के परस गुम होने की शिकायतें मिल रही हैं। यही नहीं, सड़क के साथ लगते बगीचों से सेब चोरी की कई घटनाएं भी हुईं हैं। इससे बागबान काफी चिंतित थे और इसकी शिकायत एडीएम से की जा चुकी है।

Related posts