
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत भदरोआ चौक पर नाके के दौरान पुलिस ने ढाई किलो चरस की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार कंडवाल पुलिस चौकी प्रभारी अजीत कुमार की अगुवाई में पुलिस ने भदरोआ चौक पर नाका लगाया था। पुलिस टीम में हवलदार वीर सिंह, एचएचसी नरेश कुमार, एलएचसी परविंद्र सिंह, आरक्षी शशिपाल व मनिंद्र सिंह शामिल थे। पुलिस ने वीरवार रात्रि 1 बजकर 10 मिनट पर कंडवाल से पठानकोट की तरफ जा रही आल्टो कार एचपी 44-4100 को रोका। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के साथ लगते गियर लीवर के साथ एक थैला पड़ा हुआ था, जब पुलिस ने थैले की तलाशी ली तो थैले से ढाई किलो चरस बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों में कीमत बताई जा रही है। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने आल्टो कार के चालक दीन मोहम्मद (25) पुत्र चूड़ मोहम्मद निवासी घटफरी (तीसा) तथा कार में सवार अन्य युवक चैन लाल (25 वर्षीय) पुत्र दीनू राम निवासी भराड़ा (तीसा) को एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार करके चरस को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आल्टो कार को भी कब्जे में ले लिया है। अत्री के अनुसार पुलिस चरस सहित गिरफ्तार किए गए आरोपियों द्वारा पिछले तीन सालों में अर्जित चल-अचल संपति का मूल्यांकन करेगी तथा इस गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
