तिब्बती ने किया टैक्सी चालक पर हमला

मैकलोेेडगंज। मैकलोडगंज में एक अज्ञात तिब्बती युवक ने टैक्सी चालक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। बुधवार रात को मैकलोडगंज के डोलमा चौक पर आपसी कहासुनी को लेकर एक अज्ञात तिब्बती ने टैक्सी चालक पर किसी तेज हथियार से वार करके उसे जख्मी कर दिया।
जानकारी के अनुसार बीती रात जिस वक्त झगड़ा हुआ, उस वक्त नड्डी निवासी प्रवीण कुमार डोलमा चौक पर खड़ा मक्की ले रहा था। इसी दौरान सड़क पर महिला दोस्त के साथ खड़े उक्त तिब्बती ने तैश में आकर जैसे ही बोतल सड़क पर तोड़ी तो पास ही में खड़े टैक्सी चालक ने उसे ऐसा करने से मना किया। लेकिन, तिब्बती युवक ने गुस्से में आकर टैक्सी चालक प्रवीण कुमार पर तेज हथियार से वार कर दिया। दोनो पक्षों के बीच मामला बढ़ने से पहले ही तिब्बती युवक मौके से फरार हो गया। मारपीट से घायल हुए टैक्सी चालक को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस थाना मैकलोडगंज के प्रभारी गुरवचन सिंह ने बताया कि मैकलोडगंज के टैक्सी चालक प्रवीण कुमार पर हमला करने वाले अज्ञात तिब्बती युवक के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं। टैक्सी चालक पर तेजधार हथियार से हमला करने वाले तिब्बती को पुलिस जल्द ही हिरासत में लेगी।

Related posts