नौकरी का झांसा देकर विवाहिता से दुराचार

हरिपुर (कांगड़ा)। हमीरपुर के एक व्यक्ति पर एक विवाहिता को नौकरी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार करने का आरोप लगा है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला का मेडिकल सिविल अस्पताल देहरा में वीरवार शाम को हुआ।
पुलिस के अनुसार थाना हरिपुर के तहत एक गांव की 27 वर्षीय विवाहिता ने सुदर्शन कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी पैरवी तहसील बड़सर पर आरोप लगाया है कि उसने मई माह में उसे झांसा दिया कि वह उसे किसी कंपनी में नौकरी लगवा देगा। लेकिन उसे उसके साथ पांवटा साहिब (सिरमौर) चलना होगा। आरोपी विवाहिता को लेकर पांवटा साहिब ले गया और उसे किराए के मकान में रखा। विवाहिता का आरोप है कि इस दौरान वह उसके साथ कई बार दुराचार करता रहा तथा उसे डराता-धमकाता भी रहता था कि किसी को कुछ बताना नहीं। पीड़ित महिला तीन दिन पहले ही पांवटा साहिब से घर लौटी है और वीरवार को आरोपी के खिलाफ दुराचार करने की शिकायत थाना हरिपुर में दर्ज करवाई। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Related posts