संडे रहा हाउसफुल

नई दिल्ली। दिल्ली पुस्तक मेले का तीसरा दिन यानी संडे हाउसफुल रहा। रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण 50 हजार से ज्यादा लोग मेला देखने के लिए पहुंचे प्रगति मैदान पहुंचे। मेला घूमने आए लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। भीड़ और खरीदारी से मेले में मौजूद प्रकाशक भी खुश नजर आए।
मेले में सबसे ज्यादा भीड़ अभिभावकों की थी जो अपने बच्चों के साथ यहां पहुंचे थे। अभिभावक, पढ़ाई की नई ट्रिक्स, ऑनलाइन सुविधाओं से लेकर माइंड पावर गेम्स में अपनी रुचि दिखा रहे थे। वहीं, छोटे बच्चे कलर पेंसिल, कलर बुक के साथ कॉमिक्स व कहानी की किताबों में ज्यादा व्यस्त नजर आए।
स्टार पब्लिकेशंस के चेयरमैन अमरनाथ वर्मा ने बताया कि, इस वर्ष 2012 की तुलना में बिक्री में 150 फीसदी जबकि 2011 की तुलना में 300 फीसदी का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बार युवा डिक्शनरी व भाषा की किताबों में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं।
पुस्तक मेला के साथ चल रहे स्टेशनरी मेले में भी बच्चों के मतलब के ढेरों सामान मौजूद हैं। अभिभावकों ने बच्चों के लिए वहां से खूब शॉपिंग की। पुस्तक मेले में पहुंचने वालों में सिर्फ दिल्ली के नहीं बल्कि गाजियाबाद, नोएडा से आने वाले लोग भी शामिल थे।

Related posts