सपा के राष्ट्रीय कार्यालय पर हिंदू सेना का हंगामा

नई दिल्ली। चौरासी कोसी परिक्रमा में वीएचपी नेताओं की गिरफ्तारी काविरोध राजधानी में भी देखने को मिला। हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय पर पत्थर फेंके और वहां लगे बोर्ड को तोड़ डाला। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 1:36 बजे तिलक मार्ग थाना पुलिस को सूचना मिली कि 18 कॉपरनिकस लेन स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय पर कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस बल को कार्यालय पर भेज दिया गया। पुलिस को देखते ही हंगामा कर रहे सभी आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। कार्यालय में मौजूद एक शख्स ने बताया कि करीब 15 से 20 मिनट तक प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी के मुताबिक सपा कार्यालय की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts