
सीमा शर्मा। यूजीसी नेट व यूजीसी एजुकेशन ऑफिसर्स की परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों के लिए राहत की खबर है। नई व्यवस्था के तहत अब उन्हें परीक्षा से संबंधित सारी जानकारियां मोबाइल या ईमेल पर मिल जाएंगी।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नेट और एजुकेशन ऑफिसर्स की परीक्षा में हर बार छात्रों को परेशानी होती है। पिछले कई सालों से यूजीसी नेट व एजुकेशन ऑफिसर्स की परीक्षा में सेंटर तो कभी लोकेशन की गलत जानकारी मिलने से सैकड़ों छात्र परीक्षा देने से वंचित रह जाते हैं। जिससे छात्रों का धन व समय दोनों बर्बाद होता है। यूजीसी नेट की 30 जून को आयोजित परीक्षा में भी अचानक सेंटर बदलने का मामला सामने आया था जिसमें सैकड़ों छात्रों ने किरोड़ीमल कॉलेज में जाकर तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया और यूजीसी एजुकेशन ऑफिसर्स की परीक्षा केंद्र में जबरन घुसकर आंसरशीट फाड़ दी थी। सैकड़ों छात्रों के हंगामा व तोड़फोड़ के चलते मामला दिल्ली पुलिस तक पहुंच गया और यूजीसी को एक महीने में परीक्षा दोबारा आयोजित करवाने की घोषणा करनी पड़ी थी। परीक्षा में 30 जून को हंगामा कोई पहली बार नहीं हुआ था, बल्कि यूजीसी की हर परीक्षा इन्हीं विवादों से होकर गुजरती है।
किरोड़ीमल कॉलेज के प्रिंसिपल डा. एसपी गुप्ता के अनुसार, छात्रों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने परीक्षा पैटर्न बदलने का निर्णय लिया है, जिसकी शुरुआत दिल्ली रीजन की आठ सितंबर को आयोजित होने वाली नेट परीक्षा से की जाएगी। जिसमें तिथि, सेंटर व लोकेशन समेत परीक्षा से संबंधित सार जानकारियां छात्रों को उनके मोबाइल पर एसएमएस करने के साथ ही ईमेल पर भी भेजी जाएगी।
