
नई दिल्ली। कई वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी और नेतृत्व में बदलाव की अटकलों के बीच दिल्ली प्रदेश भाजपा ने इलेक्शन कमेटी और इलेक्शन कोर ग्रुप का ऐलान कर दिया। दोनों ही कमेटियों की कमान प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल को सौंपी गई है। इसके साथ ही प्रदेश प्रभारी नितिन गडकरी ने संकेत दे दिया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘विजय’ ही विकल्प है।
इलेक्शन कमेटी में प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजेंद्र गुप्ता, मांगे राम गर्ग, प्रवेश वर्मा समेत 17 लोगों को शामिल किया गया है। विशेष आमंत्रित सदस्य में आरती मेहरा, राजेश गहलोत, पूनम आजाद समेत सात लोगों के नाम हैं। कमेटी में विजय जौली को जगह नहीं मिली है। चुनाव में टिकट किसे दिया जाए, यह कमेटी ही तय लेगी। जाहिर है, टिकट वितरण में गोयल की ही चलेगी।
इसके अलावा 54 सदस्यीय कोर कमेटी बनाकर आलाकमान ने असंतुष्ट नेताओं को चुप कराने की कोशिश की है। इस टीम में लंबे समय से पार्टी से किनारे किए गए पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के साथ ही वीके मल्होत्रा, हर्षवर्धन, विजेंद्र गुप्ता, मांगे राम गर्ग, विजय जौली, प्रवेश वर्मा, कुलवंत राणा, आशीष सूद, अभय वर्मा, शिखा राय और विजय शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इलेक्शन कोर ग्रुप बनाकर पार्टी ने यह भी संदेश दिया है कि पहले बनी इलेक्शन कैंपेन कमेटी की अब खास जरूरत नहीं है।
राजनीतिक जानकारों की अगर माने तो अभी तक की सबसे बड़ी कोर कमेटी है। कोर कमेटी में अभी तक 15-16 सदस्य से ज्यादा नहीं होते थे, लेकिन इस बार चुनाव समिति में ही 17 सदस्य है और बतौर विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या सात है।
सभी को संतुष्ट करने की कवायद
प्रदेश भाजपा ने चुनाव समिति और चुनाव कोर ग्रुप का गठन कर सभी को संतुष्ट करने की कोशिश की गई है।
