
नई दिल्ली। शुक्रवार को एक बार फिर राजधानी को जलभराव से दो-चार होना पड़ा। दोपहर को हुई बारिश से कई जगह सड़कों पर पानी जमा हुआ। बारिश कुछ ही देर तक हुई, लेकिन पानी नाले में समा नहीं पाया।
राजधानी में दोपहर करीब एक बजे कई इलाकों में काफी तेज बारिश हुई। इस दौरान विभिन्न इलाकों के साथ-साथ करोल बाग की करीब-करीब तमाम सड़कों पर पानी भर गया। रविवार छुट्टी का दिन होने के चलते यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आए थे। लिहाजा उन्हें भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश बंद होने के कई घंटे बाद भी लोगों को जलभराव से परेशानी हुई। यहां नाले-नालियां ओवर फ्लो हो गए और सीवरों के मैन होल्स से भी पानी बाहर निकला।
दूसरी ओर जनकपुरी, सागरपुर, द्वारका, दिल्ली छावनी, कनॉट प्लेस, पंचकुइयां रोड, पहाड़गंज, राजेंद्र प्लेस, पटेल नगर, हौज खास, ग्रीन पार्क, महरौली, एमबी रोड, एमजी रोड, साउथ एक्स, तुकर्मान गेट के पास, अजमेरी गेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने, कोड़िया पुल के नीचे समेत अनेक इलाकों में जलभराव हुआ। इन स्थानों पर बारिश बंद के कई घंटे बाद तक सड़कों पर पानी जमा रहा। कहीं भी नगर निगम या पीडब्ल्यूडी ने पानी निकालने के लिए पंप सेट नहीं लगाए थे। इसके चलते लोगों को पानी से निकलना पड़ा।
